दुर्गा मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, जयकारे से गूंज उठा मंदिर

नौतनवा महराजगंज: बुधवार को सुबह होते ही नगर की मां बनैलिया मंदिर तरफ जाने वाली हर सड़क गुलजार हो गई। बच्चों का हुजूम नए कपड़े पहन साथियों के साथ मटरगश्ती में व्यस्त हो गया था। दुकानदार एक दिन पहले से उनकी आगमन की तैयारी कर चुका था। सुबह चार बजे से ही महिलायें, पुरूष व बच्चे माता के दर्शन को लंबी कतार में लगकर माता का पूजन-अर्चन कर दर्शन कर रहे थे। महाअष्टमी के मौके पर माता को छप्पन भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। इसे श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। इस बीच पूरा मंदिर मा के जयकारे से गूंज उठा। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नगर के सभी दुर्गा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने मां का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने घरों में दुर्गा सप्तशती के पाठ के साथ मंदिरों में माता का दर्शन कर मंगल कामना की। इसे लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। महिला श्रद्धालु माता की पूजा करने के लिए आज पहुंच रही हैं। नारियल, चुनरी, केला, सेव, बताशा, पान, लौंग-इलायची से माता का पूजन किया जा रहा है।