गोरखपुर
तहसील प्रशासन ने समस्याओं का कराया समाधान

बांसगांव। तहसील प्रशासन सम्पूर्ण समाधान दिवस में आने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण के लिए तत्पर हो उठा है। जिससे पीड़ितों को राहत मिलने लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चंवरिया बुजुर्ग निवासिनी संगीता दास पुत्री बालेश्वर ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर गुहार लगायी थी कि उसके पड़ोसी मोनू, कन्हैया व कोमल ने ईंट रखकर रास्ते को बंद कर दिया है। जिससे घर को आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसका संज्ञान लेकर नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार मिश्रा व जिवेश कुमार त्रिपाठी तथा राजस्व निरीक्षक ब्रम्हानंद पटेल मौके पर पहुंच गये। उन्होने रास्ते को अवरूद्ध करने वालों फटकार लगाते तत्काल रास्ते से ईंट हटवाकर आवागमन चालू करा दिया।
इसी प्रकार ग्राम नेवास में दो व्यक्तियों के बी दो वर्ष से चल रहे एक भूमि विवाद का राजस्व निरीक्षक बांसगांव आशीष कुमार शाही द्वारा कराये गये समाधान का लोग मुक्तकंठ से सराहना कर रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुचैटा निवासी महेन्द्र मौर्य ने समाधान दिवस पर प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में गुहार लगाया था कि ग्राम नेवास में स्थित गाटा संख्या 54 में आसपास के लोग अवैध कब्जा कर लिये है। उनसे भूमि को मुक्त कराया जाय।
राजस्व निरीक्षक आशीष कुमार शाही लेखपाल भोले सिंह, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव तथा मुन्नू शर्मा की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आसपास के भू-स्वामियों की मौजूदगी में गाटा संख्या 54 व 17 का सीमांकन कर चारो कोने पर पत्थर भी लगवा दिया। जिस पर महेन्द्र मौर्य तथा दूसरे पक्ष के लोगों ने संतोष व्यक्त करते सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी कर दिया।