फरेंदा में पराली जलाने के संबंध में कुल सात लोगों पर एफ आई आर दो को भेजा जेल
क्रॉप कटिंग के दौरान उप जिलाधिकारी ने पकड़ी हसिया, काटे धान
फरेंदा/महाराजगंज दिनांक 14/ 11/ 2023 दिन मंगलवार को ग्राम झांमट तहसील फरेंदा जनपद महाराजगंज में उप जिलाधिकारी रमेश कुमार की उपस्थिति में क्रॉप कटिंग कराकर धान की फसल का आकलन किया गया। क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही ओलावृष्टि ,अतिवृष्टि व अन्य प्रकार से फसल नुकसान व फसल बीमा की मुआवजा राशि का निर्धारण किया जाता है।ग्राम झांमट के गाटा नंबर 114 के किसान अनिल पुत्र रामप्रीत के खेत में धान के फसल की क्रॉप कटिंग कराई गई। सर्वप्रथम चयनित भूखंड पर 10 मीटर भुजा वाले समबाहु त्रिभुज जिसका क्षेत्रफल लगभग 43.3 वर्ग मीटर होता है पर खड़ी धान की फसल की कटाई की गई व मौके पर फसल के दाने निकल कर सफाई कराई गई तथा अनाज की तौल की गई इसका उद्देश्य फसल उत्पादन का अनुमान लगाना होता है। उप जिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री फसल सहायता बीमा योजना अंतर्गत किसानों के धान की फसलों की कटिंग की जानी है। उन्होंने किसानों को नई तकनीक एवं वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह देते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। उप जिलाधिकारी ने किसानों को नजदीकी धान क्रय केंद्र पर सरकारी मूल्य पर धान बेचने की सलाह दी। उन्होंने किसानों को पराली का उचित प्रबंध किए जाने की सलाह देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए पराली न जलाने की भी अपील की। उन्होंने बताया की पराली जलाए जाने के संबंध में सात लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है और कुल 21 प्रकरण में बावन हजार पांच सौ रुपए का अर्थ दंड वसूल किया गया है। उन्होंने बताया कि कोल्हुई थाना अंतर्गत पराली जलाने के संबंध में गिरफ्तार छोटे लाल पुत्र गंगाराम यादव तथा नियामुद्दीन पुत्र जान मोहम्मद को उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां जमानत ने प्रस्तुत होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। इस दौरान क्रॉप कटिंग के फील्ड सुपरवाइजर ने उपस्थित किसानों को कृषि की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को पीएम फसल बीमा के फायदे भी बताएं। हालांकि फसल बीमा योजना स्वैच्छिक है लेकिन आपदा से बचने के लिए बीमा लाभकारी होता है। इस दौरान लेखपाल अमित त्रिपाठी,ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामवासी व किसान मौजूद रहे।