जनपद के विकास में एक बड़ी उपलब्धि अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनेगा वित्तीय स्वीकृति शासन द्वारा मंजूर
महराजगंज / जनपद में एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनने जा रहा है। इस आशय की वित्तीय स्वीकृति शासन द्वारा मंजूर कर ली गई है। अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालय पर बड़े आयोजन संपादित करने हेतु एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया था। ऑडिटोरियम की कुल लागत 15.22 करोड़ है। राजस्व परिषद द्वारा प्रोजेक्ट को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में 2.67 करोड़ की राशि अवमुक्त की गई है। उन्होंने बताया कि ऑडिटोरियम का क्षेत्रफल भूमितल पर 1950 वर्ग मीटर होगा, जिसमे मुख्य मंच, मुख्य हाल और कुल 480 कुर्सियां लगाई जाएंगी। साथ ही आधुनिक पार्किंग का भी निर्माण किया जाएगा। जबकि प्रथम तल पर 380 वर्ग मीटर में वीआईपी सूट का निर्माण किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने बताया की इस अत्याधुनिक ऑडिटोरियम में डिजिटल साउंड सिस्टम, डिजिटल साइनेज, सीसीटीवी, लाइट एंड साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर सहित सभी आधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। पूरा ऑडिटोरियम सेंट्रली एसी से युक्त होगा। उन्होंने कहा की ऑडिटोरियम में सामान्य दर्शक दीर्घा सहित वीआईपी दीर्घा का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आशा है एक वर्ष के भीतर यह ऑडिटोरियम बनकर तैयार हो जाएगा। जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि यह बेहद हर्ष का विषय है कि जनपद के विकास में एक और मील का पत्थर स्थापित होने जा रहा है। अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के बनने से बड़े कार्यक्रमों को आयोजित करने में आने वाली बाधा दूर होगी। कलाकारों आदि को भी सुविधा होगी।