छठ पर्व पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्ध्य
बांसगांव/सूर्योपासना के महापर्व सूर्य षष्ठी व्रत के लिए बांसगांव नगर पंचायत सहित ग्रामीण क्षेत्रों के शाम होते ही नदियाें, पोखरों और तालाबों के छठ घाटों पर भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ देने हेतु महिला श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी ।
व्रती महिलाएं घुटने भर पानी में खड़ी होकर डूबते भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य दिया। रात भर शहर और देहात में छठ मईया के गीत गूंजते रहे। छठ व्रत रखने वाली महिलाएं शनिवार सुबह से ही तैयारी में लग गईं। चौराहों पर फलों से सजी धजी बाजारों में खरीददारो की भीड़ जुटी रही।
विविध प्रकार के पकवान बनाए गए। सुबह से ही निर्जल रहकर स्नानादि और श्रृंगार कर महिलाएं परिवार के लोगों के साथ छठ घाटों पर पहुंची। दीप प्रज्वलित कर छठ मईया की पूजा की गई। इसके बाद एक दीप गंगा मईया और एक दीप भगवान भास्कर को अर्पित किया गया।
यह सब करने के बाद महिलाएं नदी, तालाब और पोखरों में कमर भर पानी में जाकर खड़ी हो गईं। भगवान भास्कर के डूबने पर उन्हें अर्घ्य दिया गया। इसके बाद व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घर लौट आईं। सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही यह व्रत पूरा हो जाएगा। बांसगांव प्राचीन शिव मंदिर 42 पट्टी पोखरा, गायत्री मंदिर तुलसीहवा पोखरा, वार्ड नं०7 स्थित बलुवापोखरा, वार्ड पांच स्थित कतवार पोखरा आदि छठ घाटाें सहित ग्रामीण क्षेत्रों के चाड़ी,बघराई, पाली, जिगिना, फुलहर, बेदवली बाबू, भटवली पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। यहां मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। गायत्री शक्तिपीठ तुलसीहवा पोखरे पर पुरोहित का कार्य संगम त्रिपाठी के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह, एसपी दक्षिणी ए के सिंह,नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह बबलू, सभासद संजय सिंह,विनय सिंह, कृष्ण गोपाल सिंह सन्नी, रजनीश सिंह, शुभम सिंह, दुष्यंत सिंह, रामपाल,नगर पंचायत स्थित सभी छठ घाटों का दौरा किया, उनके साथ साथ सभी घाटों पर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रही।इसी क्रम में ग्राम पंचायत चाड़ी में ग्राम प्रधान राम प्रवेश यादव ने अपने सहयोगियों के साथ घाटों की सफाई और वेदियों का निर्माण कराकर पर्व की श्रेष्ठता को बढ़ाने का कार्य किया ।